कलेक्टर की अध्यक्षता में रेडक्रॉस सोसायटी की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन
छग
Raigarh. रायगढ़। कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी रायगढ़ के अध्यक्ष मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में रेडक्रॉस सोसायटी की प्रबंध कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछली बैठक के निर्णयों की समीक्षा के साथ-साथ आय-व्यय, सदस्यता अभियान, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, मेडिकल स्टोर की लंबित राशि, नवीनीकरण कार्य और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने बैठक की शुरुआत रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर के आय-व्यय एवं ऑडिट रिपोर्ट की समीक्षा से की। उन्होंने जिला अस्पताल द्वारा मेडिकल स्टोर की 29 लाख 88 हजार रुपए की लंबित देनदारी का अब तक भुगतान नहीं होने पर गहरा असंतोष व्यक्त किया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी जनसेवा से जुड़ा संगठन है।
ऐसे में आर्थिक संसाधनों का समय पर संचलन बेहद आवश्यक है। सदस्यता अभियान की प्रगति, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की स्थिति और जूनियर-यूथ रेडक्रॉस इकाइयों के नवीनीकरण पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और प्रशिक्षण गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र के लिए फिजियोथेरीपी की नई मशीनों की आपूर्ति की जानकारी प्रस्तुत की गई। वहीं कार्यालय भवन के लिए वॉशरूम निर्माण कार्य तथा पुराने दाल-भात केंद्र के जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया गया। आशा निकेतन वृद्धाश्रम में अतिरिक्त हॉल निर्माण के लिए स्वीकृत राशि में से 10 लाख रुपये लोक निर्माण विभाग को जारी कर दिए गए हैं और निर्माण कार्य प्रगति पर है।
कलेक्टर ने सुगम्य भारत अभियान के अंतर्गत भवनों के एक्सेस ऑडिट के प्राक्कलन अभी तक प्रस्तुत न किए जाने पर PWD को तत्काल प्राक्कलन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वाहन सीजी 13 Q 0609 को कंडम घोषित करने हेतु परिवहन विभाग को भेजे गए पत्र पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर भी कलेक्टर ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत, डॉ. एच.एस. उरांव, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल, डॉ. भानु प्रताप पटेल, राज्य प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रामनिवास मोड़ा, प्रो. अंबिका वर्मा, डॉ. मुकुंद अग्रवाल, प्रेमनारायण मौर्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और सेवा-केन्द्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।