धमतरी में 10 से 24 जनवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली, रायगढ़ जिले के 133 अभ्यर्थी होंगे शामिल

छग

Update: 2026-01-09 15:56 GMT
Raigarh. रायगढ़। भारतीय थलसेना द्वारा अग्निवीर भर्ती योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं अन्य भर्ती प्रक्रियाओं का आयोजन 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। यह भर्ती रैली धमतरी जिले के इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी। ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) में सफल अभ्यर्थियों को इस भर्ती रैली में निर्धारित तिथियों में उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है। जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मई–जून 2025 में आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) में रायगढ़ जिले से कुल 133 युवाओं ने सफलता प्राप्त की है। ये सभी उम्मीदवार अग्निवीर भर्ती के विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे। भर्ती रैली के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
पदों के अनुसार अभ्यर्थियों की उपस्थिति की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। अग्निवीर जनरल ड्यूटी (AV GD) के अभ्यर्थियों को 15 जनवरी 2026 को उपस्थित होना होगा। अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) [AV Tdn (10th)] के लिए 20 जनवरी 2026 की तिथि तय की गई है। वहीं अग्निवीर तकनीकी (AV TT), अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (AV CIK/SKT) तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास) [AV Tdn (8th)] के अभ्यर्थियों को 21 जनवरी 2026 को भर्ती रैली में शामिल होना होगा। जिला प्रशासन धमतरी द्वारा भर्ती रैली में भाग लेने वाले युवाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन, आवास और अन्य आवश्यक सहयोग के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।
सोनकर भवन, रामबाग, विंध्यवासिनी वार्ड, धमतरी में अश्वनी पाठकर (मोबाइल नंबर 81033-50625), रैनबसेरा, जिला अस्पताल के पास धमतरी में राजकुमार सिन्हा (मोबाइल नंबर 98279-74636), सामुदायिक भवन, मराठा मंगल भवन के पास, मराठा पारा धमतरी में गिरीश गजपाल (मोबाइल नंबर 78983-88835) तथा राखेचा भवन, साल्हेवार पारा रोड, धमतरी में चेतन साहू (मोबाइल नंबर 73987-34489) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए इन अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती रैली में निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे एडमिट कार्ड, पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं अन्य जरूरी कागजात लेकर आएं। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही से अभ्यर्थी चयन से वंचित हो सकते हैं।
Tags:    

Similar News