Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। कबीर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर वेदांत वाटिका के पास अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) के साथ अमृतपाल सिंह नामक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 6.91 ग्राम हेरोइन, एक बिना नंबर की एक्टिवा, 2 मोबाइल फोन, और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹1 लाख आंकी गई है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुनील दास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अमृतपाल सिंह पिता बलराज सिंह उम्र 20 वर्ष, निवासी टाटीबंध, गुरसागर नगर, थाना आमानाका, रायपुर बताया। आरोपी के पास से बरामद हेरोइन रखने और बेचने के वैध दस्तावेज न होने के कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 121/25 धारा 21(B) NDPS Act के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुनील दास, सउनि. घनश्याम साहू, प्र.आर. अलोप राठौर, आरक्षक दीपक सिंह ठाकुर व मोसिन खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।