बढ़ते अपराधों के बीच पुलिस विभाग का बड़ा प्रशासनिक कदम, थाना प्रभारी पर गिरी गाज
छत्तीसगढ़.
डोंगरगढ़: डोंगरगढ़ शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और चाकूबाजी की वारदातों के बीच पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने थाना प्रभारी भूषण चंद्राकर को लाइन अटैच कर दिया है।
एसपी की इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। हाल के दिनों में शहर में अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी के बाद पुलिस विभाग लगातार हालात की समीक्षा कर रहा था। इसी के तहत यह निर्णय लिया गया।
थाना प्रभारी के लाइन अटैच होने के बाद अब डोंगरगढ़ थाने में नए प्रभारी की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।