रास्ता रोककर मारपीट, दांत तोड़ने और धमकी देने का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग

छग

Update: 2026-07-04 10:44 GMT
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ शहर में मारपीट और दबंगई का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने कुछ लोगों पर रास्ता रोककर हमला करने, गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, कोतरा रोड लामीदर निवासी मयंक यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 3 जुलाई को वह अपने वाहन (CG 13 AM 8968 स्विफ्ट कार) से किसी काम से जा रहे थे।

इसी दौरान उनके घर के पास मोड़ पर पहले से मौजूद सुरजीत सिंह बघेल, रोशन महंत और तीन अन्य साथियों ने उनकी गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर मयंक यादव पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनकी मां और मोहल्ले की अन्य महिलाएं बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। पीड़ित का कहना है कि हमले में उनका एक दांत टूट गया, सिर में गंभीर चोट आई और हाथ में पहनी घड़ी भी टूट गई। घटना के बाद पूरे परिवार और मोहल्ले में दहशत का माहौल है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि आरोपियों द्वारा भविष्य में फिर से हमला करने की धमकी दी गई है, जिससे पीड़ित परिवार भय में है। शिकायत की प्रतिलिपि सिटी कोतवाली थाना, नगर निरीक्षक, कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों को भी भेजी गई है। पीड़ित ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर नजरें टिकी हुई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही है और आरोपियों की पहचान व भूमिका की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र में डर का माहौल बन रहा है और सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।
Tags:    

Similar News