सेवा सेतु पोर्टल पर राशन कार्ड के सभी आवेदन निपटाए गए, कोई लंबित केस नहीं

छग

Update: 2026-07-03 14:24 GMT
Mahasamund. महासमुंद। जिले में राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सेवा सेतु पोर्टल पर वर्तमान में कोई भी आवेदन लंबित नहीं है। अपर कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में राशन कार्ड संबंधी सभी प्रक्रियाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। प्रशासन के अनुसार, सेवा सेतु पोर्टल पर अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित (एकल), निःशक्तजन एवं सामान्य राशन कार्डों में सदस्य जोड़ने तथा सदस्य विलोपन जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं। इन सेवाओं के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार समय पर निराकरण किया जा रहा है। अपर कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान स्थिति में पोर्टल पर किसी भी प्रकार का लंबित आवेदन नहीं है।


उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राशन कार्ड प्रक्रिया बाधित होने या पोर्टल पर विकल्प उपलब्ध न होने की जो जानकारी सामने आ रही है, वह तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। प्रशासन ने बताया कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से सभी आवेदन ऑनलाइन मॉनिटर किए जाते हैं, जिससे पारदर्शिता और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। राशन कार्ड से संबंधित सभी श्रेणियों के आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के तहत निपटाए जा रहे हैं। अपर कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे राशन कार्ड से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों और संबंधित कार्यालयों से ही संपर्क करें। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सही जानकारी सरकारी पोर्टल या विभागीय अधिकारियों से प्राप्त करें। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सेवा सेतु पोर्टल पर सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।
Tags:    

Similar News