Raipur. रायपुर। करीब 10 महीने से चल रहा रायपुर नगर निगम का राजनीतिक गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया है। निगम प्रशासन ने लंबे समय से लंबित पड़े विपक्ष के नेता के पद पर नया नाम घोषित कर दिया है। संदीप साहू की जगह अब आकाश तिवारी को रायपुर नगर निगम का नया नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने सोमवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
सभापति ने जारी किया आदेश
नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने सोमवार को आदेश जारी करते हुए लिखा कि, “रायपुर नगर निगम के पार्षद आकाश तिवारी को विपक्ष का नेता (Leader of Opposition) नियुक्त किया जाता है।” आदेश जारी होने के बाद निगम प्रशासन ने इसकी औपचारिक सूचना सभी विभागों और पार्षदों को भेज दी है।
संदीप साहू की जगह आकाश तिवारी
इससे पहले यह जिम्मेदारी संदीप साहू के पास थी, जिन्हें निगम चुनाव के बाद कांग्रेस ने विपक्ष का नेता बनाया था। हालांकि, बीते कुछ महीनों में उनके कार्यप्रणाली को लेकर दल के अंदर असंतोष और मतभेद बढ़ गए थे। कई पार्षदों ने प्रदेश नेतृत्व से नए नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति की मांग की थी। इसके बाद चर्चा का दौर चला और आखिरकार पार्टी ने आकाश तिवारी को यह जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया।
कांग्रेस में नई ऊर्जा की उम्मीद
आकाश तिवारी की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस पार्षदों में नई ऊर्जा और एकजुटता की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि वे संगठन और परिषद के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करेंगे। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, रायपुर नगर निगम में आगामी बजट सत्र और नीतिगत प्रस्तावों पर विपक्ष की भूमिका को मजबूत करने के लिए यह फैसला समयानुकूल है। नए नेता प्रतिपक्ष के तौर पर आकाश तिवारी अब निगम की बैठकों में विपक्ष का प्रतिनिधित्व करेंगे और नगर प्रशासन की नीतियों पर विपक्षी दृष्टिकोण रखेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षदों का कहना है कि संगठन अब विपक्षी मोर्चे को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने पर ध्यान देगा।