Rajnandgaon. राजनांदगांव। नगर पंचायत छुरिया में शनिवार को वीरता, त्याग और मातृभूमि के प्रति असीम समर्पण की प्रतीक महारानी दुर्गावती जी के बलिदान दिवस पर भव्य शोभायात्रा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कृषिमंत्री राम विचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और वीरांगना को नमन करते हुए उन्हें शौर्य की मिसाल और मातृभूमि की रक्षक बताया।


कृषिमंत्री नेताम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा "महारानी दुर्गावती का अडिग साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति निष्ठा हम सभी को राष्ट्रसेवा के पथ पर अग्रसर रहने की प्रेरणा देता है। उनका बलिदान हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित करता है।"

गोंडवाना समाज ने किया पारंपरिक स्वागत
इस समारोह में गोंडवाना समाज के लोगों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा और लोक नृत्यों के साथ महारानी दुर्गावती की शोभायात्रा निकाली गई। समाज के नेताओं और उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने महारानी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सम्मानित अतिथियों की उपस्थिति
इस गरिमामयी आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव, केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ अध्यक्ष एम. डी. ठाकुर, जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा, उपाध्यक्ष प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य अनीता मंडावी, बीरन मंडावी, योगेंद्र कोड़पे, भाजपा महामंत्री रविंद्र वैष्णव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कृषिमंत्री नेताम ने गोंडवाना समाज के सम्मान और सौहार्द के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया और इसे एकता, समर्पण और संस्कृति का प्रेरक संगम बताया।
Tags: