ED के बाद आयकर विभाग का बड़ा एक्शन, सूर्यकांत तिवारी का मकान सील
छत्तीसगढ़.
दुर्ग/भिलाई: छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग रायपुर की टीम ने कोयला घोटाला से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। आयकर विभाग की टीम ने बीते दिन कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी के भिलाई स्थित जुनवानी के सूर्या रेजिडेंसी में दबिश दी थी। अधिकारियों के मुताबिक सूर्यकांत तिवारी ने बेनामी संपत्ति अपने पास रखी थी। आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान इसका खुलासा हुआ।
बताया जा रहा है कि सूर्यकांत तिवारी ने मनीष उपाध्याय के नाम पर मकान की रजिस्ट्री करवाई थी। आयकर विभाग ने इस मकान को सील कर दिया है। तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीम ढोल लेकर मौके पर पहुंची। ढोल बजाकर पहले पूरी कॉलोनी में मुनादी कराई गई और वहां मौजूद लोगों के सामने नोटिस पढ़कर सुनाया गया। इसके बाद आयकर विभाग ने मकान को सील कर दिया।
आपको बता दें कि ED रेड के बाद सूर्यकांत तिवारी के बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ था। जिसके बाद अब आयकर विभाग की टीम ने ये कार्रवाई की है।