सांकेतिक तस्वीर (AI)
Bilaspur. बिलासपुर। शहर में एक अधिवक्ता को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुराना हाईकोर्ट के पास आदर्श कॉलोनी निवासी अधिवक्ता ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि मोन्टी सोनकर और उसके दो साथी उनके दुकान के सामने आकर लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी देते रहे। जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता का परिवार मछली बाजार के सामने शनिचरी बाजार, कोतवाली बिलासपुर में किराने की दुकान संचालित करता है। शिकायतकर्ता अधिवक्ता ने बताया कि 15 अगस्त 2025 की शाम करीब 5:30 बजे वे अपने पिता के लिए खाना लेकर दुकान पहुंचे थे। तभी अचानक मोन्टी सोनकर अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां आया और बिना किसी कारण के उलझने लगा। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने उन्हें घूरने की बात कहकर गंदी-गंदी गालियां दीं।
जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “अगर ज्यादा घूरेगा तो तेरी दोनों आंखें निकाल दूंगा।” इस दौरान मोन्टी सोनकर के साथ मौजूद दोनों साथी भी गाली-गलौज में उसका साथ दे रहे थे। अधिवक्ता ने यह भी बताया कि इससे पहले भी आरोपी दुकान में आकर उनके साथ दुर्व्यवहार कर चुका है। घटना के वक्त मौके पर मौजूद आस-पड़ोस के लोगों ने भी पूरी वारदात को देखा और सुना है। अधिवक्ता ने कोतवाली थाने में आवेदन देते हुए कहा कि आरोपी का यह कृत्य न केवल उनकी जान के लिए खतरा है बल्कि उनके पेशे और पारिवारिक प्रतिष्ठा पर भी आघात है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि घटना की पुष्टि की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार पहले से ही विवादित रहा है और आए दिन वह मोहल्ले में दबंगई दिखाता है। पीड़ित ने पुलिस से आग्रह किया है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है।