Gariaband. गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर तहसील राजिम क्षेत्र में ग्राम चौबेबांधा के पैरीनदी इलाके में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर जांच की गई। जांच के दौरान खनिज विभाग, राजस्व विभाग राजिम और पुलिस विभाग राजिम की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया है। मशीन को सुरक्षार्थ थाना पाण्डुका की अभिरक्षा में रखा गया है।
यह कार्रवाई 20 मई 2026 को की गई, जब टीम ने शिकायत के आधार पर स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में अवैध उत्खनन की पुष्टि होने पर मशीन को तत्काल जब्त कर लिया गया। प्रशासन के अनुसार अवैध उत्खनन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए टास्क फोर्स समिति लगातार निगरानी कर रही है। इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। स्थानीय स्तर पर अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अवैध कारोबार पर रोक लगाना प्राथमिकता है।