Bemetara. बेमेतरा। जिले की देवकर पुलिस चौकी ने गौवंश तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन मवेशियों से भरी पिकअप वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार, जब्त वाहन में एक भैंस और दो पड़िया को बिना जरूरी दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन और मवेशियों समेत कुल 6.10 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।
सूचना के बाद रोका गया वाहन
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 17 सितंबर को की गई। गौवंश सेवक पुनीत साहू को सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक CG 25 Q 8641 में मवेशियों को भरकर देवकर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुनीत साहू अपने साथियों के साथ नवकेशा चौक पहुंचे। सुबह करीब 9:30 बजे संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसकी जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में चालक करण यदु मौजूद मिला। इसी दौरान बाइक से राजेश गोस्वामी भी मौके पर पहुंच गया।
दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पूछताछ में राजेश गोस्वामी ने बताया कि वह देवादा-बेरला क्षेत्र से एक भैंस और दो पड़िया खरीदकर देवपुरा, तहसील गंडई लेकर जा रहा था। पुलिस और मौजूद लोगों ने जब मवेशियों के परिवहन से संबंधित दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे तो आरोपी कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद जब उसे पुलिस चौकी चलने के लिए कहा गया तो राजेश गोस्वामी बाइक से जालबांधा रोड की ओर भाग निकला। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
चालक को किया गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार चालक करण यदु ने बताया कि राजेश गोस्वामी ने ही उसे मवेशियों को देवपुरा ले जाने के लिए पिकअप वाहन लाने के लिए कहा था। जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि मवेशियों को वाहन में पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था के बिना ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की।
6.10 लाख रुपए का सामान जब्त
देवकर पुलिस चौकी ने कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन कीमत करीब 5.80 लाख रुपए तीन मवेशी कीमत करीब 30 हजार रुपए जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 6.10 लाख रुपए बताई गई है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में करण यदु (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं दूसरा आरोपी राजेश गोस्वामी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: