इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो के बाद बाइक चालक पर कार्रवाई

छग

Update: 2026-07-28 15:09 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। राखी थाना क्षेत्र के अपराध क्रमांक 154/2026 से जुड़े मामले में इंस्टाग्राम के विभिन्न न्यूज चैनलों पर वायरल वीडियो की तत्काल जांच कर पुलिस ने संबंधित मोटरसाइकिल चालक की पहचान कर ली। इसके बाद आरोपी के खिलाफ अश्लीलता फैलाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में एक मोटरसाइकिल चालक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर ऐसी गतिविधि की जा रही थी, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति और वाहन की पहचान की। जांच के दौरान वीडियो में नजर आ रहे मोटरसाइकिल चालक की पहचान भीमेश देवांगन पिता गोपाल देवांगन उम्र 24 वर्ष निवासी मठपुरैना, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को तलब कर मामले में पूछताछ की और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।


पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अश्लीलता फैलाने और वाहन चलाने में लापरवाही बरतने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच भी की जा रही है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना या सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रख रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें जिससे दूसरों की सुरक्षा खतरे में पड़े या सामाजिक मर्यादा प्रभावित हो। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो के आधार पर भी पुलिस द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। राखी थाना पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित व्यवहार करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Tags:    

Similar News