अंबिकापुर में स्कूटी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-11-03 17:35 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। शहर में लगातार बढ़ रही छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूटी चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला अंबिकापुर के बौरीपारा इलाके का है, जहां से एक युवक की स्कूटी चोरी हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए आरोपी को दबोच लिया है। जानकारी के मुताबिक, बौरीपारा निवासी सत्येंद्र सोनी ने 18 अक्टूबर की शाम अपनी स्कूटी घर के सामने खड़ी की थी। देर शाम जब उन्होंने बाहर देखा तो स्कूटी गायब थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चलने पर उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

जिसमें एक युवक को स्कूटी लेकर जाते हुए देखा गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने शक के दायरे में कई युवकों से पूछताछ की। इसी बीच सूचना मिली कि चोरी गई स्कूटी स्कूल रोड स्थित कन्हैया दुकान के पास लावारिस हालत में खड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी को जब्त कर थाने ले आई। जांच के दौरान पुलिस ने रजपुरी निवासी 19 वर्षीय डॉक्टर चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह मौके का फायदा उठाकर स्कूटी लेकर चला गया था और बाद में उसे वहीं छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस को शहर में हो रही चोरी की घटनाओं के अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़ी चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
Tags:    

Similar News