वृद्ध महिला से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, दो माह बाद पुलिस ने रायपुर से पकड़ा
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने दो माह बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रायपुर से घेराबंदी कर पकड़ा गया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई को धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना कुरूद क्षेत्र का है, जहां 17 फरवरी 2026 को एक वृद्ध महिला के साथ गंभीर अपराध की घटना सामने आई थी। इस संबंध में प्रार्थिया द्वारा थाना कुरूद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत धारा 64 और 332(ख) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा रही थी। विवेचना के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए, मेडिकल परीक्षण कराया गया और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी। कुरूद पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार दबिश दी, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
इसी बीच पुलिस को आरोपी के रायपुर में होने की सटीक सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूर्या सिसोदिया (पारधी), उम्र 26 वर्ष, निवासी झांकी, थाना अभनपुर, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।