मोबाइल लोन के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मल्हार पुलिस की त्वरित कार्रवाई
छग
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के मल्हार चौकी क्षेत्र में ऑनलाइन लोन के नाम पर ग्रामीण दुकानदारों से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लोगों को मोबाइल से लोन दिलाने का झांसा देकर उनके खाते में आई रकम को अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था। पुलिस के अनुसार प्रार्थी शिवकुमार राय, निवासी ग्राम चकरबेड़ा मल्हार ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित गोपी कश्यप उर्फ गोपी किशन, निवासी ग्राम धुर्वाकारी ने उसे ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने उसके मोबाइल से लोन स्वीकृत कराकर बैंक खाते में आई 80 हजार रुपये की राशि बिना बताए अपने खाते में ट्रांसफर कर ली।
मामले का खुलासा तब हुआ जब शिकायतकर्ता ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र में जानकारी ली। जांच में पता चला कि लोन की पूरी राशि अलग-अलग किस्तों में आरोपी के खाते में ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद यह भी सामने आया कि आरोपी अन्य किराना दुकानदारों को भी पेटीएम बॉक्स सुधारने और लोन दिलाने के नाम पर इसी तरह ठगी कर चुका है। घटना की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) Madhulika Singh और एसडीओपी मस्तूरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गांव धुर्वाकारी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस अब आरोपी से अन्य संभावित मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कितने लोगों को इसी तरह ठगा है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत एवं सुखदेव पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को मोबाइल फोन, बैंकिंग ऐप या ओटीपी जैसी जानकारी साझा न करें, क्योंकि इससे ठगी की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। स्थानीय पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।