Raigarh. रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। आरोपी के खिलाफ घरघोड़ा थाना क्षेत्र में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज था और वह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, 15 फरवरी 2026 को 32 वर्षीय युवक ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 14 फरवरी की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच वह अपने पिकअप वाहन से घरघोड़ा से जामपाली की ओर मजदूरों को छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान कंचनपुर के पास उसके पीछे चल रहे घरघोड़ा निवासी मोनू खान द्वारा लगातार कार का हॉर्न बजाया जा रहा था। रास्ता संकरा होने के कारण तत्काल रास्ता नहीं मिल पाया। आरोप है कि इससे नाराज आरोपी ने अपनी कार पिकअप वाहन के सामने खड़ी कर रास्ता रोक दिया।
वाहन से उतारकर मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पिकअप चालक को वाहन से नीचे उतारा और जातिसूचक तथा अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने लात-मुक्का और थप्पड़ से हमला किया। पीड़ित ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने दोबारा गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाना घरघोड़ा पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 49/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत जांच शुरू की।
जांच में जोड़ी गई एससी-एसटी एक्ट की धाराएं
मामले की जांच के दौरान पीड़ित ने अपना जाति प्रमाण पत्र पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया। जांच में आरोपी द्वारा जातिसूचक टिप्पणी, मारपीट और धमकी देने की बात सामने आने के बाद प्रकरण में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 की धारा 3(1)(द)(ध) भी जोड़ी गई। मामले की विवेचना एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की जा रही थी। उनके मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
लगातार तलाश और निगरानी के बाद पुलिस टीम ने 4 सितंबर 2026 को आरोपी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान को हिरासत में लिया। आरोपी पिता मोहम्मद कासिम खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 2, साईं राम कॉलोनी, घरघोड़ा का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गंभीर मामलों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
Tags: