Raigarh. रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन से कीमती सामग्री और अलग मामले में मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने रेलवे लाइन से कैटनरी तार, संपर्क तार, क्लिप समेत अन्य सामग्री चोरी कर फेरी-कबाड़ियों को बेच दी थी। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और रेलवे सामग्री बेचने से बची 2 हजार रुपए की रकम जब्त की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, रेलवे लाइन से सामग्री चोरी का मामला जुलाई में सामने आया था। ग्राम कुडुमकेला कुधरीपारा निवासी मनबोध दास महंत (53) ने 12 जुलाई 2026 को घरघोड़ा थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 11 जुलाई की रात करीब 3:25 से 3:55 बजे के बीच ग्राम कारीछापर और कुडुमकेला के मध्य रेलवे लाइन से बड़ी मात्रा में सामान चोरी हो गया था।
घटना रेलवे किलोमीटर क्रमांक 47/03 से 47/06 के बीच लमडांड गांव के पास जंगल क्षेत्र में हुई थी। चोरी हुई सामग्री में 65 एमएम कैटनरी तार 215 मीटर, 107 एमएम संपर्क तार 215 मीटर, तीन कैटनरी सप्लायर, दो संपर्क तार सप्लायर, 23 ड्रापर वायर, 23 कैटनरी क्लिप, 23 संपर्क तार क्लिप, एक स्टेडी आर्म और एक स्वीवेल क्लिप शामिल थे। इस मामले में घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 222/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की थी। आरोपी की तलाश की जा रही थी, लेकिन तत्काल उसका पता नहीं चल पाया था। इसी बीच मोटरसाइकिल चोरी का दूसरा मामला सामने आया। ग्राम बांसमुड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण चौहान (22) ने 11 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AH-0489 चोरी हो गई है। उसने 10 सितंबर की शाम करीब 5 बजे ग्राम नावापारा टेंडा बाजार डांड के पास बाइक खड़ी की थी। बाजार से वापस लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली।
पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में भी बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तरेकेला निवासी रामप्रसाद सारथी को एक एचएफ डिलक्स बाइक के साथ देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ग्राम तरेकेला क्षेत्र पहुंची और संदेही रामप्रसाद सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस का दावा है कि आगे की पूछताछ में आरोपी ने जुलाई में रेलवे लाइन से सामग्री चोरी करने की बात भी स्वीकार की। उसने कथित तौर पर रेलवे सामग्री अज्ञात फेरी-कबाड़ियों को बेच दी थी। बिक्री से मिली अधिकांश रकम खर्च हो चुकी थी। पुलिस ने उसके मेमोरेंडम के आधार पर बची हुई 2 हजार रुपए की राशि जब्त की है। इस तरह एक आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने रेलवे सामग्री और मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करने का दावा किया है। आरोपी रामप्रसाद सारथी (23), निवासी ग्राम तरेकेला थाना छाल को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब चोरी की रेलवे सामग्री खरीदने वाले कथित फेरी-कबाड़ियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना जारी है।
Tags: