नशीले इंजेक्शन की बिक्री करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 52 इंजेक्शन और स्कूटी जब्त
छग
MCB. एमसीबी। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 52 नशीले इंजेक्शन, स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 53 हजार 200 रुपये की सामग्री बरामद की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन में की गई। जिले में नशीले पदार्थों के सेवन और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को थाना चिरमिरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा बड़ा बाजार निवासी एक व्यक्ति नशीले इंजेक्शन लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने कालीबाड़ी काली मंदिर के नीचे रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान आशीष जायसवाल पिता स्व. रामलखन जायसवाल, उम्र 38 वर्ष, निवासी टिकरापारा बड़ा बाजार चिरमिरी के रूप में हुई।
स्कूटी की डिक्की से मिले इंजेक्शन
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG 16 CJ 3523 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की में रखी एक काले रंग की प्लास्टिक थैली से नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
बरामद सामग्री में: Rexogesic Buprenorphine Injection IP – 26 नग
Avil Pheniramine Injection IP – 26 नग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कुल 52 नशीले इंजेक्शन की कीमत करीब 18 हजार 200 रुपये है।
53 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीले इंजेक्शन के अलावा घटना में इस्तेमाल की गई जुपिटर स्कूटी जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है, को भी जब्त किया है। इस तरह पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल करीब 53 हजार 200 रुपये की सामग्री बरामद की है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी आशीष जायसवाल के खिलाफ थाना चिरमिरी में धारा 22(C) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 17 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा, सउनि चित्रभान सिंह, प्रधान उप निरीक्षक विजय सिंह गोंड, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक, आरक्षक सुरेश तिग्गा, सैनिक प्रमोद, सैनिक रामजी गुप्ता सहित थाना चिरमिरी पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।