Jagdalpur. जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले आरोपी पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। कोतवाली पुलिस ने होमगार्ड और फॉरेस्ट गार्ड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लोगों से करीब 8 लाख 95 हजार रुपये ठगने वाले आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को होमगार्ड और वन विभाग में अच्छी पहुंच रखने वाला व्यक्ति बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर रुपये लेता था और बाद में संपर्क बंद कर देता था।
वर्दी दिखाकर बढ़ाता था विश्वास
जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों का विश्वास जीतने के लिए वर्दी का भी इस्तेमाल करता था। वह खुद को विभागीय अधिकारियों से जुड़ा हुआ बताता था और नौकरी पक्की लगाने का दावा करता था। आरोपी ने पीड़ितों से नौकरी के नाम पर फोन-पे और नगद के माध्यम से रकम ली। लेकिन पैसे लेने के बाद उसने किसी की भी नौकरी नहीं लगवाई। जब पीड़ितों ने रुपये वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गया।
पांच लोगों से की थी लाखों की ठगी
मामले में पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की थी कि आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव ने होमगार्ड और फॉरेस्ट गार्ड की नौकरी लगाने का झांसा देकर उनसे कुल 8 लाख 95 हजार रुपये लिए हैं। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
घर से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आड़ावाल स्थित अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पहले भी दर्ज हैं कई अपराध
पुलिस के अनुसार आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से ठगी और मारपीट सहित सात अपराध दर्ज हैं। आरोपी कई बार जेल भी जा चुका है। पुलिस अब उसके पुराने मामलों और अन्य संभावित ठगी की घटनाओं की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह लगातार सक्रिय हैं। ऐसे लोग बेरोजगार युवाओं को सरकारी विभागों में पहचान होने का झांसा देकर पैसे ऐंठते हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे देने से पहले पूरी जानकारी जरूर जांच लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।