महिला की फर्जी Instagram ID बनाकर अश्लील फोटो वायरल, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-14 11:37 GMT
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक मामला सामने आया है। बलौदा थाना पुलिस ने एक महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी एडिट की गई अश्लील तस्वीरें वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरदीविशाल निवासी सुखसागर कुर्रे (24 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी श्रवण-बधिर है। पुलिस पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला ने बलौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया है। इस फर्जी अकाउंट के जरिए उसकी तस्वीरों को एडिट कर अश्लील रूप दिया गया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा है। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

साइबर जांच के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के बाद पुलिस ने हरदीविशाल निवासी सुखसागर कुर्रे को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी श्रवण-बधिर होने के कारण उससे सामान्य तरीके से पूछताछ करना संभव नहीं था। इसके लिए विशेषज्ञ की मदद ली गई और सांकेतिक भाषा के माध्यम से आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से इंस्टाग्राम चलाना सीखा था। इसके बाद उसने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। आरोपी ने महिला की तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक रूप दिया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। सोशल मीडिया अकाउंट, पोस्ट किए गए कंटेंट और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग सावधानी से करें और किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि किसी की फोटो का गलत इस्तेमाल करना, फर्जी अकाउंट बनाना और आपत्तिजनक सामग्री वायरल करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News