दुर्ग: ग्राम रौंदा में घर का ताला तोड़कर अलमारी से नगदी एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा ग्राम रौंदा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कुल 5 चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की गई। आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, लैपटॉप एवं टूल्लू पंप सहित अन्य चोरी की संपत्ति बरामद की गई। घटना में प्रयुक्त पेचकस-रॉड एवं मोटरसाइकिल को भी पुलिस द्वारा जप्त कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पूरा मामला
दिनांक 09.08.2026 को प्रार्थिया शाहजहां बेगम, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम रौंदा, थाना धमधा, जिला दुर्ग द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 03.08.2026 को लगभग 12:30 बजे वह अपने घर में ताला लगाकर पिपरिया गई थीं तथा रात्रि वहीं रुकी थीं। दिनांक 04.08.2026 को लगभग 20:00 बजे वापस आने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला तथा अंदर सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर पलंग के गद्दे के नीचे रखी नगदी रकम 5,000 रुपये तथा उसी स्थान पर रखी अलमारी की चाबी गायब मिली। अलमारी खोलने पर अंदर का लॉकर टूटा हुआ था तथा उसमें रखे पुराने इस्तेमाल किए हुए 03 नग सोने के मनके वाली पत्ती, अनुमानित कीमत 30,000 रुपये एवं 01 जोड़ी चांदी की पायल, 13 तोला, अनुमानित कीमत 10,000 रुपये चोरी होना पाया गया। चोरी गई संपत्ति एवं नगदी की कुल कीमत लगभग 45,000 रुपये बताई गई।
रिपोर्ट पर थाना धमधा में अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 331(4), 305(a) BNS पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी एकत्र की गई। संदेही करण दास मानिकपुरी से पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त घटना सहित क्षेत्र में अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की गई।
पुलिस पूछताछ एवं आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप एवं टूल्लू पंप सहित चोरी की संपत्ति बरामद की गई। आरोपी द्वारा वर्ष 2025 में ग्राम रौंदा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला का ताला तोड़कर लैपटॉप, चार्जर एवं माउस तथा संत राम देवांगन का टूल्लू पंप चोरी करना भी बताया गया। चोरी की संपत्ति आरोपी के घर में रखी मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स से बरामद की गई।आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आरोपी का नाम
1. करण दास मानिकपुरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम रौंदा, थाना धमधा, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
1. चोरी के सोने-चांदी के आभूषण।
2. नगदी रकम।
3. 01 नग लैपटॉप।
4. 01 नग टूल्लू पंप।
5. घटना में प्रयुक्त 01 पेचकस-रॉड।
6. घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल।
7. लैपटॉप से संबंधित चार्जर एवं माउस सहित अन्य चोरी की सामग्री।
जप्त चोरी की संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1,90,000 रुपये बताई गई है।

Tags: