Raigarh. रायगढ़। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद नाबालिग को शादी का झांसा देकर घर से ले जाने वाले आरोपी को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत कार्रवाई करते हुए गुम हुई 17 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद किया और आरोपी युवक को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं और बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
घर से बिना बताए चली गई थी नाबालिग
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2025 को नाबालिग बालिका के परिजनों ने थाना चक्रधरनगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 25 जनवरी 2025 को दोपहर के समय घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिवार और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 109/2025 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
इंस्टाग्राम से हुई थी आरोपी से पहचान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से दिलेश्वर चौहान नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर कई महीनों तक बातचीत होती रही। इसी दौरान आरोपी ने बालिका को मिलने के लिए बुलाया। पुलिस जांच में सामने आया कि 25 जनवरी 2025 को आरोपी के बुलाने पर बालिका केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड रायगढ़ पहुंची, जहां दिलेश्वर चौहान मिला। आरोप है कि युवक ने शादी करने का झांसा देकर बालिका को अपने साथ ले गया।
रायगढ़ से बिहार, ओड़िशा और सारंगढ़ तक ले गया आरोपी
बालिका के बयान के अनुसार, आरोपी उसे बस के माध्यम से बिहार लेकर गया, जहां उसके माता-पिता ईंट भट्ठे में काम करते थे। करीब छह से सात महीने तक दोनों बिहार में रहे। इसके बाद आरोपी बालिका को लेकर सारंगढ़ क्षेत्र में आया और वहां रहने लगा। इसके बाद आरोपी मजदूरी के लिए ओड़िशा चला गया, जहां बालिका भी उसके साथ रहने लगी। बाद में दोनों वापस आरोपी के गांव में आकर रहने लगे। पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए बालिका की लोकेशन ट्रेस की और उसे सुरक्षित बरामद किया।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ से सकुशल बरामद हुई बालिका
चक्रधरनगर पुलिस टीम ने 29 अगस्त 2026 को जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ से नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब किया। प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम बालिका को सुरक्षित रायगढ़ लेकर पहुंची। मामले में बालिका का बयान महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज कराया गया। मेडिकल जांच और बयान के आधार पर पुलिस को आरोपी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर भगाकर ले जाने और शारीरिक संबंध स्थापित करने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले में धारा 87, 65(1) बीएनएस और 6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी दिलेश्वर चौहान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी दिलेश्वर चौहान निवासी थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।