संगीन मामलों में फरार आरोपी शहर में सक्रिय, वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप
छग
Raipur. रायपुर। हत्या, बलवा और अन्य गंभीर अपराधों में पुलिस रिकॉर्ड में फरार दर्ज एक आरोपी के शहर में खुलेआम घूमने और बड़े धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहने की खबर ने कानून–व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामने आए वीडियो और स्थानीय सूत्रों के दावों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि फरार आरोपी गौरव हेपट हाल ही में रायपुर में नजर आया और महाशिवरात्रि के अवसर पर कई बड़े आयोजनों में भी शामिल रहा।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है। बावजूद इसके, शहर के विभिन्न इलाकों में उसकी मौजूदगी की चर्चाएं तेज हैं। सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में कथित तौर पर गौरव हेपट को सार्वजनिक स्थानों पर देखा जा सकता है, जिससे लोगों में हैरानी और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय चर्चाओं में यह भी दावा किया जा रहा है कि फरार आरोपी को यूथ कॉग्रेस नेता वैभव पांडे के साथ भी देखा गया। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि आरोपी वास्तव में फरार है, तो उसकी खुलेआम गतिविधियां सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और दावों की जांच की जा रही है। संबंधित थानों को सतर्क कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाए जाते हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महाशिवरात्रि जैसे बड़े पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही व्यापक इंतजाम किए जाते हैं। ऐसे समय में फरार आरोपी की कथित सक्रियता की खबर से प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। मामले की जांच और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।