Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी जफर खान (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम बिजना से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। वह अपनी बहन और भांजे को भी गांजा बेचने के लिए उपलब्ध कराता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
किराना दुकान की आड़ में चल रहा था गांजे का कारोबार
जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लामीदरहा के सड़कपारा स्थित एक किराना दुकान में अवैध रूप से गांजा बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। दुकान में रशीदन खान (57 वर्ष) और उसका बेटा शेख नसीब (27 वर्ष) मौजूद मिले। दोनों ग्राम लामीदरहा के निवासी हैं। पुलिस ने विधिवत तलाशी ली तो रशीदन खान के कब्जे से गांजे से भरी 10 कागज की पुड़िया बरामद हुईं। वहीं शेख नसीब के पास से प्लास्टिक की पन्नी में रखा गांजा मिला। दोनों के कब्जे से कुल लगभग 1 किलो 28 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
50 रुपए में बेचते थे गांजे की पुड़िया
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि ग्राम बिजना के पठानपारा निवासी जफर खान ने 15 सितंबर 2026 को मोटरसाइकिल से एक किलो से अधिक गांजा लाकर रशीदन खान और उसके बेटे को बेचा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने यह गांजा 10 हजार रुपए में उपलब्ध कराया था। इसके बाद गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर प्रत्येक पुड़िया 50 रुपए में बेची जा रही थी। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 474/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 में अपराध दर्ज कर रशीदन खान और शेख नसीब को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
पुलिस को चकमा देकर फरार था आरोपी
पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जफर खान का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जफर खान अपने गांव बिजना में छिपकर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गिरफ्तारी की योजना बनाई।
गांव में दबिश देकर पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और आरक्षक विक्रम कुजूर को तमनार रवाना किया गया। तमनार पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम ने ग्राम बिजना में दबिश दी और जफर खान को हिरासत में लेकर चक्रधरनगर थाना पहुंची। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रशीदन खान उसकी बहन है और वह पहले भी उसे बिक्री के लिए गांजा उपलब्ध करा चुका है। उसने 15 सितंबर को रशीदन खान और शेख नसीब को 10 हजार रुपए में गांजा बेचने की बात भी स्वीकार की।
तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 9329 जब्त की है। आरोपी जफर खान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नशे के कारोबारियों को नहीं बख्शेंगे: एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का ऑपरेशन क्लीन हंट अभियान जिले में अवैध गतिविधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार जारी है।