युवक से सरेआम मारपीट, पुलिस ने 1.30 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार
बीच बाजार निकाला जुलूस
Bilaspur. बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार इलाके में युवक से बीच सड़क पर लाठी-डंडों से की गई बेरहमी से मारपीट के मामले में बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 1 घंटे 30 मिनट के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में दहशत फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना उस समय हुई जब एक युवक ने बाइक सवार युवकों को तेज और लापरवाही से वाहन चलाने पर टोका। इस पर नाराज युवकों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे युवक के सिर में गंभीर चोट आई। पूरी घटना पास में मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो सामने आने पर पुलिस तुरंत हरकत में आई।
पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों- सैफुलहक, जैदुलहक, मनोज वर्मा और उनके एक अन्य साथी सती को गिरफ्तार कर लिया। कानून का सख्त संदेश देने के उद्देश्य से इन सभी आरोपियों का बीच बाजार में जुलूस निकाला गया। आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने धारा 126(2), 119(1), 296, 115(2), 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
SSP रजनेश सिंह का बयान:
"कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि समाज में कानून का डर बना रहे।" बिलासपुर पुलिस की इस तत्परता से आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और पुलिस प्रशासन की सक्रियता का संदेश गया है।