युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, सिद्धार्थ चौक पर रात में हुई वारदात
देखें VIDEO...
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ चौक के पास संगम बार के सामने बीती रात एक युवक के साथ बिना कारण गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़ित युवक ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि वह मठपुरैना का निवासी है और 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद ऑनलाइन डिलीवरी का कार्य करता है।
उसने बताया कि दिनांक 8 जुलाई 2025 की रात करीब 11 बजे, वह अपने मित्र सत्य प्रकाश सरकार के साथ संगम बार के सामने सिद्धार्थ चौक के पास खड़ा था, तभी कुछ अज्ञात युवक अचानक उसके पास आए और बिना किसी वजह के उसे मां-बहन की गालियां देने लगे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी और हाथ मुक्कों से बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसके नाक और मुंह से खून निकलने लगा।
इस दौरान उसका मित्र सत्य प्रकाश सरकार और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि पुलिस ने उसके बताए अनुसार घटना को रिपोर्ट में दर्ज किया है और वह इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करता है। टिकरापारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मारपीट और धमकी की धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।