रायपुर में धारदार हथियार लेकर घूम रहा युवक पकड़ाया, मारपीट के 2 आरोपी भी गिरफ्तार
छग
Raipur रायपुर। त्योहारी सीजन और गणेश चतुर्थी को देखते हुए नॉर्थ जोन पुलिस की सघन चेकिंग जारी है। इसी अभियान के दौरान अवैध रूप से धारदार हथियार लेकर घूम रहे एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार उरला थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक युवक कथित रूप से धारदार हथियार लेकर आम लोगों को भयभीत करते मिला। आरोपी की पहचान करण पाल उर्फ बटवा (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह शीतला तालाब बिरगांव क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 465/2026 दर्ज कर धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
इसके अलावा मारपीट के मामले में पुलिस ने राहुल राय और राहुल चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
त्योहारी सीजन में बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस लगातार संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही है। खासतौर पर चाकू और अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश चतुर्थी और आगामी त्योहारों के दौरान सघन चेकिंग जारी रहेगी। शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अवैध हथियार लेकर घूमने या लोगों को भयभीत करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।