मॉडिफाई सायलेंसर लगाकर तेज गति से वाहन चलाने पर युवक को जुर्माना, बाइक जप्त

छग

Update: 2025-12-11 18:39 GMT
Raipur. रायपुर। थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र में मॉडिफाई सायलेंसर लगाकर तेज गति से मोटर सायकल चलाने वाला युवक महंगा पड़ गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में और शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के उद्देश्य से थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में तिल्दा पुलिस लगातार शहर के प्रमुख सड़कों पर मोटर व्हीकल चेकिंग अभियान चला रही है। इस अभियान के दौरान एक युवक अपनी मोटर सायकल क्रमांक CG 04 L.T. 7863 में मॉडिफाई सायलेंसर लगाकर तेज गति से शहर के व्यस्त मार्गों से गुजर रहा था। इससे न केवल आम नागरिकों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा बल्कि सड़क सुरक्षा के नियमों की भी अवहेलना हुई।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को रोक लिया। यातायात नियमों का पालन करने की कड़ी हिदायत देने के बाद चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट, धारा 182(क)(4) के तहत कार्रवाई की गई। वाहन को जप्त कर माननीय न्यायालय तिल्दा नेवरा में पेश किया गया। न्यायालय ने वाहन स्वामी पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया और मॉडिफाई सायलेंसर को नष्ट करने का आदेश दिया। पुलिस ने बताया कि इस तरह की कार्रवाईयों का उद्देश्य न केवल कानून का पालन करवाना है बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सड़क पर शांति बनाए रखना भी है।

तिल्दा पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, और किसी भी व्यक्ति द्वारा तेज गति और मॉडिफाई सायलेंसर लगाकर आवाज प्रदूषण उत्पन्न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस सभी वाहनों की नियमित जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस कदम से शहरवासियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और तेज गति से वाहन चलाने वालों के लिए एक सख्त संदेश जाएगा। तिल्दा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर सुरक्षित गति बनाए रखें, हेलमेट पहनें और कानून का पालन करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं और आवाज प्रदूषण को रोका जा सके।
Tags:    

Similar News