चाय दुकान में युवक पर चाकू से हमला, पेट में फसा हथियार

छग

Update: 2026-01-24 16:19 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन युवकों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट में लगने से युवक की हालत गंभीर हो गई। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मायापुर क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित एक चाय दुकान पर बौरीपारा निवासी ऋतिक जायसवाल अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था। इसी दौरान स्कूटी में सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे और ऋतिक से विवाद करने लगे।

विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। ऋतिक के दोस्तों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तभी एक युवक ने चाकू निकालकर ऋतिक के पेट में जोरदार वार कर दिया। चाकू लगते ही ऋतिक मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हमला करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल ऋतिक को उसके दोस्तों ने तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन किया। चिकित्सकों के अनुसार, चाकू का वार ऋतिक के लीवर में लगा था, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं और लगभग एक लीटर खून बह गया था। समय पर इलाज और ऑपरेशन के कारण उसकी जान बचाई जा सकी। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।

घायल युवक के दोस्त आनंद गुप्ता ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में सत्यम सोनकर, आयुष और उनका एक अन्य साथी शामिल है, जिन्हें वह पहचानता है। आनंद के अनुसार, पहले किसी बात को लेकर आरोपियों और ऋतिक के बीच विवाद हुआ था, जो अब हिंसक रूप ले बैठा। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जब्त कर लिए हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में अंबिकापुर में एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाली युवती की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags:    

Similar News