रायपुर में युवक पर कांच की बोतल से हमला, शराब पीने से रोका तो भड़के आरोपी
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कांच की बोतल से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 16 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक जब साई मंदिर के पास बैठा था, तभी आरोपी शेखर निषाद उर्फ ‘पोटली’ अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए जगह खाली करने की बात कहकर विवाद शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, रामकुंड वंदना ऑटो के पीछे रहने वाला युवक पार्सल डिलीवरी का काम करता है। उसने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह गुरुवार की रात करीब 10 बजे साई मंदिर के पास लाइब्रेरी चौक पर बैठा था। तभी शेखर निषाद उर्फ पोटली अपने साथी के साथ आया और बोला “यहां से हट जा, हम लोगों को दारू पीना है।”
जब पीड़ित ने उनसे इस तरह की भाषा का विरोध किया तो आरोपी भड़क गया। रिपोर्ट के मुताबिक, शेखर निषाद और उसके साथी ने मां-बहन की गालियां देना शुरू कर दिया। पीड़ित ने जब गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि झगड़े के दौरान शेखर निषाद ने वहीं पास में पड़ी कांच की बोतल उठाई और उसे फोड़कर सिर और दाहिने हाथ पर हमला कर दिया। घटना में उसे गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। इसके बाद वह किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा और अपने छोटे भाई विजय श्रीवास और परिचित किरण यादव को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। घायल युवक ने अगले दिन थाने पहुंचकर पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि रिपोर्ट को पढ़ने के बाद उसे भरोसा हुआ कि पुलिस ने उसके बयान के अनुसार ही मामला दर्ज किया है और अब वह आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी शेखर निषाद उर्फ पोटली स्थानीय स्तर पर पहले भी कई बार विवादों में शामिल रहा है। पुलिस उसकी और उसके साथी की तलाश में जुटी हुई है।