Raipur. रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामगुलाल सिन्हा (29 वर्ष), निवासी ग्राम कुर्रू थाना राखी, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 281, 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
थाना अभनपुर में पदस्थ उप निरीक्षक अरुण कुमार साहू द्वारा की गई मर्ग जांच के अनुसार, दिनांक 26 अप्रैल 2025 को मृतक रामगुलाल सिन्हा अपनी पत्नी पुष्पा सिन्हा को गाड़ी क्रमांक CG04 AW 1444 से गरियाबंद छोड़ने गया था। पत्नी को छोड़कर वह वापस अपने गांव लौट रहा था कि शाम लगभग 2 बजे थनौद चौक के आगे स्थित पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल रामगुलाल को श्री रावतपुरा सरकार इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च, पचेडा में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी 03 मई 2025 को दोपहर 1.30 बजे मौत हो गई। मौत की सूचना अस्पताल से थाना अभनपुर को दी गई, जिसके बाद मर्ग क्रमांक 40/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
डॉक्टर की सूचना पर मर्ग कायम
सूचक विनीत सिंह ठाकुर, निवासी श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज, पचेडा ने अस्पताल से प्राप्त लिखित मेमो थाना प्रभारी को सौंपा। मेमो में बताया गया कि रामगुलाल को हादसे के दिन ही अस्पताल में भर्ती किया गया था। पुलिस ने मर्ग सूचना दर्ज करते हुए पंचनामा कार्यवाही कर शव परीक्षण के लिए भेजा और मर्ग की सूचना एसडीएम अभनपुर को भी भेज दी गई है। मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि हादसा एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ था, जिसके बाद अब अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।