Gariaband. गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के कदलीमुड़ा गांव में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरधारी बीसी के रूप में हुई है, जो घर के बोरवेल के पास काम कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली करंट की चपेट में आ गया। परिजनों के अनुसार, गिरधारी घर के बोरवेल के पास स्थित विद्युत सप्लाई प्वाइंट के संपर्क में आया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं। सूचना मिलते ही देवभोग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विद्युत सप्लाई में कोई लापरवाही थी या नहीं। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए बिजली विभाग से सतर्कता और सुरक्षा उपायों की मांग की है।