जांजगीर में 2 से 4 नवम्बर तक होगा तीन दिवसीय राज्योत्सव

छग

Update: 2025-10-29 16:34 GMT
Janjgir. जांजगीर। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में जांजगीर जिले में आगामी 2 से 4 नवम्बर 2025 तक हाई स्कूल मैदान में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस राज्योत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा शामिल होंगे। राज्योत्सव को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे और
पुलिस अधीक्षक
विजय कुमार पांडेय ने आज हाई स्कूल मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच, प्रदर्शनी स्थल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग तथा आगंतुकों के प्रवेश-निर्गम मार्गों की बारीकी से समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्योत्सव को जिले की गौरवशाली उपलब्धियों और विकास यात्रा का प्रतिबिंब बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बीते 25 वर्षों में जिले ने शिक्षा, कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में जो महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, उन्हें आकर्षक प्रदर्शनी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाए।

इसके लिए विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी आम जनता को दें, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकें। कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का भी जायजा लिया और कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने मंच की साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था और ध्वनि प्रणाली की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत
दिशा-निर्देश
दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने और सीसीटीवी कैमरे, मेटल डिटेक्टर तथा एंट्री गेट पर पर्याप्त सुरक्षा बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस भव्य राज्योत्सव में सम्मिलित होकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा के साक्षी बनें।
Tags:    

Similar News