CG : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, चालक फरार...
छग
Pathalgaon. पत्थलगांव। फुलेता चौक पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। मृतक की पहचान फुलेता निवासी रोहित नट (27) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक रोहित गुरुवार रात तमता से बाइक पर अपने घर फुलेता लौट रहा था। उसके साथ बाइक पर एक युवती भी सवार थी। रात करीब 11 बजे फुलेता चौक के पास ट्रक क्रमांक CG 15 CW 3047 ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए और चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने हादसे को लेकर कार्रवाई के साथ फुलेता चौक पर बेहतर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सूचना मिलने पर पत्थलगांव तहसीलदार प्रमोद पटेल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। तहसीलदार ने मृतक के अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई। इसके साथ ही आवश्यक सहायता और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने फुलेता चौक की यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। यहां से अंबिकापुर, तमता और पत्थलगांव की प्रमुख सड़कें जुड़ती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चौक पर ट्रैफिक सिग्नल और पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने यहां ट्रैफिक सिग्नल लगाने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग की है।