रेत से भरे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत

छग

Update: 2025-12-23 16:48 GMT
Balod. बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अर्जुन्दा क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बोरगहन निवासी राजा गौठिया (27 वर्ष) की मौत हो गई। यह दुर्घटना राजनांदगांव–बालोद मुख्य मार्ग पर दाउ पारा स्थित निर्मल किराना दुकान के सामने हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा अर्जुन्दा के दाउ पारा से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे रेत से भरे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर फट गया और अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के शव को अर्जुन्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह गुंडरदेही में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक के पिता रमेश गौठिया जल संसाधन विभाग में नहर पटवारी के पद पर कार्यरत हैं और वे मूल रूप से जबलपुर के निवासी हैं। स्थानीय नागरिक शुभम यदु और पंकज नायक ने बताया कि गुंडरदेही से राजनांदगांव मार्ग पर सैकड़ों रेत से भरे हाइवा दिन-रात दौड़ते हैं, जिनका संचालन बिना किसी निश्चित समय के होता है। कई हाइवा क्षमता से अधिक रेत भरकर चलते हैं, जिससे सड़क पर रेत गिरती रहती है और छोटे वाहन चालकों के लिए हादसों का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाइवा मालिक मुनाफे के लालच में नियमों का पालन नहीं करते, न ग्रीन नेट लगाते हैं और न ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हैं। इसके बावजूद आरटीओ, यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह हादसा बीते डेढ़ महीने में तीसरी बड़ी घटना है। 20 नवंबर को परसतराई निवासी एक युवक को हाइवा ने कुचल दिया था, जिससे उसकी मौत हुई थी। उसी दिन दाउ चौक में एक अन्य हाइवा ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मारी, जिसमें उनका
पैर फ्रैक्चर
हो गया। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद हाइवा चालकों की मनमानी जारी है। इससे छोटे वाहन चालकों और आम नागरिकों को लगातार भारी सुरक्षा खतरा और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि हाइवा चालकों की गति, ओवरलोडिंग और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सख्त निगरानी और कड़े नियम लागू करने की मांग की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Tags:    

Similar News