उरला में हवा में लहराता मिला धारदार चाकू, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

छग

Update: 2025-08-21 17:52 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को धारदार चाकू लहराते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी खुलेआम बाजार में चाकू हाथ में लेकर लोगों को डरा धमका रहा था, जिससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर युवक को गिरफ्तार किया और उसके पास से 15 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद किया। मामला आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। थाना उरला में पदस्थ प्रआर (प्रधान आरक्षक) ने बताया कि वह हमराह आर 188 राजाराम एक्का के साथ "जुर्म जरायम टाउन भ्रमण अभियान" पर निकले थे। इस दौरान बुधवारी बाजार बीरगांव इलाके में मुखबिर से सूचना मिली कि अछोली हीरा गार्डन चौक के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर हवा में लहरा रहा है और आने-जाने वालों को धमका रहा है। इस घटना से आम नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई की और सूचना को लिखित रूप से दर्ज करते हुए गवाह बनाए। इस दौरान गवाहों में जगन्नाथ साहू (50 वर्ष) और ईश्वर सोनी (40 वर्ष) मौजूद रहे। दोनों गवाहों की मौजूदगी में सूचना का पंचनामा तैयार किया गया और गवाहों से वैधानिक प्रक्रिया के तहत धारा 179 बीएनएसएस का नोटिस देकर सहमति प्राप्त की गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अछोली हीरा गार्डन चौक पर देखा कि एक युवक हाथ में लोहे का बड़ा धारदार चाकू लेकर लहरा रहा था और आसपास मौजूद लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। जब युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम आयुष कुमार कुम्हार पिता सुरेश कुम्हार, उम्र 25 वर्ष, निवासी बाजार चौक उरला, थाना उरला, जिला रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी से चाकू रखने संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस भी दिया गया, लेकिन उसने कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।

इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में 15 इंच लंबा धारदार खतरनाक चाकू जप्त कर शीलबंद किया। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी का यह कृत्य अवैध रूप से हथियार रखने और सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाने से संबंधित है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है। लोग आम बाजार में खरीदारी कर रहे थे, तभी आरोपी खुलेआम चाकू लहराकर दहशत फैलाने लगा। हालांकि, पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और आरोपी समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए "जुर्म जरायम टाउन भ्रमण अभियान" लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों पर निगरानी रखना और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
Tags:    

Similar News