Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम उठाया। कार्यक्रम में देश और राज्य के शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पर्यावरण की महत्ता पर बल देते हुए वृक्षारोपण कर जनजागरूकता का संदेश दिया।
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा, "यह पहल न केवल प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है, बल्कि यह भावी पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित छत्तीसगढ़ देने का संकल्प भी है।" उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत सैकड़ों पौधे रोपे गए, जिनमें फलदार और छायादार वृक्षों की विविध प्रजातियां शामिल थीं। इस कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा हरित मिशन 2025 के तहत एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।