दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच, जिला स्तरीय स्पोर्ट्स इवेंट में दिखा उत्साह

छग

Update: 2026-01-17 12:47 GMT
Balodabazar. बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के दिशा-निर्देश एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला स्तरीय स्पोर्ट्स इवेंट एवं खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन मनोविकास केन्द्र, कृषि उपज मंडी, बलौदाबाजार में संपन्न हुआ, जिसमें दिव्यांग बच्चों के साथ उनके अभिभावकों और कर्मचारियों सहित कुल 130 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों में खेल-कूद, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक भावना को विकसित करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा समाज में उनकी सहभागिता को सशक्त बनाना रहा। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों में विशेष जोश और आत्मविश्वास देखने को मिला, जिससे आयोजन स्थल सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। रंगोली प्रतियोगिता में अस्थि बाधित वर्ग में ताकेश्वरी साहु ने प्रथम तथा संध्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अल्पदृष्टिबाधित वर्ग में सानिया यादव प्रथम और लता कंवर द्वितीय रहीं, जबकि श्रवण बाधित वर्ग में दिप्ती देवांगन ने प्रथम एवं तुषार कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसी प्रकार 50 मीटर दौड़ में अस्थिबाधित वर्ग में ताकेश्वरी साहु प्रथम एवं दिव्यांका ध्रुव द्वितीय स्थान पर रहीं। श्रवण बाधित वर्ग में दिप्ती देवांगन ने प्रथम और सानिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक स्तर पर उत्तरा प्रथम और दामिनी द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रारंभिक स्तर जलेबी दौड़ में बालक वर्ग में खिलेश सेन प्रथम एवं हुसैन साहू द्वितीय रहे, जबकि बालिका वर्ग में ताकेश्वरी साहू ने प्रथम और दिव्यांका ध्रुव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक स्तर बालक वर्ग में तुषार प्रथम और प्रितम द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में किरण प्रथम एवं छाया द्वितीय स्थान पर रहीं।
मटका फोड़ प्रतियोगिता में सानिया ने प्रथम और मुस्कान पटेल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मानसिक बाधित वर्ग की थ्रो बॉल प्रतियोगिता में भाव्या प्रथम और अर्चना टंडन द्वितीय स्थान पर रहीं। मिश्रित मोती अलग करने की प्रतियोगिता में अमीता प्रथम और संस्कृति द्वितीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे, जिला मिशन समन्वयक नरेन्द्र वर्मा, बीईओ राजेन्द्र टण्डन सहित मनोविकास केन्द्र के प्रभारी एवं नोडल अधिकारी, 4 बीआरपी, फिजियो थैरेपिस्ट, स्पीच थैरेपिस्ट, 2 मास्टर ट्रेनर्स, जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम, 3 पीटीआई, सहायक कार्यक्रम समन्वयक खिलावन वर्मा, मनहरण लाल साहू, जहीर अब्बास, पीएमयू केशव चन्द्रा, योगेन्द्र साहू तथा दिव्यांग बच्चों के 20 पालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
Tags:    

Similar News