तुमडीबोड में 100 एकड़ फार्म में भीषण आग, 20 एकड़ क्षेत्र जलकर खाक

छग

Update: 2026-04-21 18:55 GMT
Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले के डोंगरगांव तहसील के तुमडीबोड गांव में सोमवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड सामने आया। यहां जयंती पटेल (निवासी कोरबा) के स्वामित्व वाले ‘छत्तीसगढ़ फार्म’ परिसर में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार यह फार्म लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें करीब 20 एकड़ हिस्से में सूखी झाड़ियों और घास ने आग पकड़ ली। तेज हवाओं और अंधेरे के कारण आग की लपटें तेजी से फैलती चली गईं, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 20 अप्रैल 2026 की रात आग लगने की सूचना मिलते ही नगर सेना (होम गार्ड) और अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची।


दमकल विभाग ने अशोक लेलैंड वॉटर टेंडर (वाहन क्रमांक CG 02 A 0229) सहित तीन फायर ब्रिगेड गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया। इसके अलावा स्थानीय पंचायत के टैंकर और ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में प्रशासन का सहयोग किया। घना इलाका और रात का समय होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि टीम की तत्परता और लगातार पानी की बौछार के चलते करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जिससे बड़ी राहत मिली है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि गर्मी के मौसम और सूखी घास के कारण आग लगने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। इसी को देखते हुए नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि खुले क्षेत्रों में जलती हुई बीड़ी, सिगरेट या माचिस फेंकना खतरनाक साबित हो सकता है और इससे बड़े हादसे हो सकते हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News