Baloda Bazar. बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला ने अपने 15 साल छोटे प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी प्रेमी चेन्नई भाग गया था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला प्रेम, धोखा और लालच से जुड़ी एक खौफनाक साजिश की कहानी है। मामला पलारी थाना क्षेत्र के वटगन गांव का है। मृतक का नाम अमृत गिरी (45) है, जो अपनी पत्नी चंद्रिका गिरी (40) और तीन बच्चों के साथ रहता था। वह फल बेचने का काम करता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि चंद्रिका ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी टुन्ना कुमार शर्मा के साथ हत्या की साजिश रची थी।
इंस्टाग्राम पर हुई मुलाकात, बना खतरनाक रिश्ता
करीब चार साल पहले चंद्रिका की मुलाकात बिहार के मुजफ्फरनगर निवासी टुन्ना कुमार शर्मा से इंस्टाग्राम पर हुई थी। टुन्ना चेन्नई में नौकरी करता था और लगभग 70 हजार रुपये महीने कमाता था। उम्र में वह चंद्रिका से 15 साल छोटा था, लेकिन दोनों के बीच नजदीकियां तेजी से बढ़ीं। धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, चंद्रिका अपने बच्चों को टुन्ना से “अंकल” कहकर मिलवाती थी ताकि किसी को शक न हो। दोनों कई बार रायपुर और अन्य जगहों पर होटलों में भी मिले। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की योजना भी बना ली थी।
पति को था अफेयर का शक
अमृत गिरी को पत्नी के अफेयर पर शक हो गया था। अक्सर शराब पीकर दोनों के बीच झगड़े होते थे। फरवरी 2025 में चंद्रिका को पता चला कि उसके प्रेमी टुन्ना की शादी तय हो गई है, जिससे वह बौखला गई। उसने टुन्ना से कहा कि अब अगर वे साथ रहना चाहते हैं, तो उसे अपने पति को रास्ते से हटाना होगा।
रायपुर के होटल में बनी हत्या की प्लानिंग
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या से पहले चंद्रिका और टुन्ना की मुलाकात रायपुर के एक होटल में हुई थी। वहीं उन्होंने अमृत की हत्या की पूरी प्लानिंग तैयार की। चंद्रिका ने बताया कि घर में कब और कैसे घुसना है, कौन सा दरवाजा खुला रहता है, और हत्या के बाद कैसे भागना है। दोनों ने 24 अक्टूबर की रात को वारदात को अंजाम देने का फैसला किया, क्योंकि उस दिन गांव में “नाचा” कार्यक्रम चल रहा था और अधिकांश लोग घर से बाहर थे।
कुल्हाड़ी से की गई थी हत्या
रात करीब 11 बजे अमृत घर लौटा, खाना खाया और सोफे पर सो गया। तभी आरोपी टुन्ना छत के रास्ते घर में घुस गया। सोए हुए अमृत पर उसने कुल्हाड़ी से दो बार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी को बैग में रख लिया और बाइक से रायपुर पहुंचा। वहां से उसने ट्रक पकड़ा और सीधे चेन्नई भाग गया। अगले दिन सुबह चंद्रिका ने आसपास के लोगों को बताया कि उसके पति की किसी ने हत्या कर दी है। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि अमृत का शव खून से लथपथ सोफे पर पड़ा था।
मोबाइल लोकेशन से खुला राज
शुरुआत में पुलिस को हत्या का कोई ठोस सुराग नहीं मिला। चंद्रिका लगातार पुलिस को गुमराह करती रही। बाद में पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन ट्रैक की। तभी पता चला कि वारदात के समय वह अपने प्रेमी टुन्ना से लगातार संपर्क में थी। इसके बाद पुलिस ने टुन्ना का मोबाइल ट्रैक किया, जो चेन्नई में लोकेट हुआ। पुलिस की टीम ने चेन्नई जाकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि हत्या की पूरी प्लानिंग चंद्रिका ने की थी।
कुल्हाड़ी बरामद, दोनों गिरफ्तार
आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने कुल्हाड़ी को रायपुर रेलवे स्टेशन पर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद कर लिया। इसके बाद चंद्रिका को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस पूरे हत्याकांड की “मास्टरमाइंड” खुद मृतक की पत्नी चंद्रिका गिरी थी। उसने न सिर्फ योजना बनाई, बल्कि आरोपी को हर कदम पर मदद भी की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी का कबूलनामा
टुन्ना ने पुलिस को बताया कि हत्या से पहले उसका मन बदल गया था। वह लौटना चाहता था, लेकिन जैसे ही अमृत की नींद खुली और उसने उसे देख लिया, तो पकड़े जाने के डर से उसने वार कर दिया। इसके बाद वह घबरा गया और चेन्नई भाग गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की साजिश में और कोई शामिल था या नहीं। मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक सबूत, चैट्स और कॉल रिकॉर्ड को जब्त कर लिया गया है। यह मामला न केवल वैवाहिक अविश्वास की कहानी है, बल्कि यह बताता है कि सोशल मीडिया के रिश्ते किस तरह एक परिवार को तबाह कर सकते हैं।
Tags: