चाकू दिखाकर 50 हजार की लूट, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोचा

छग

Update: 2026-03-27 18:05 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा और धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हेमंत कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 मार्च 2026 की सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच वह मोटरसाइकिल से नूतन चौक चाय पीने गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद आरोपी अतुल यादव (20 वर्ष), निवासी लंबोदर नगर, उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। आरोपी ने उसकी जेब में रखी नकदी को देख लिया और उसे निशाना बना लिया।
बताया गया कि जब प्रार्थी चाय पीकर वापस लौट रहा था, तब नूतन कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन के पास आरोपी ने उसे रोक लिया। आरोपी ने चाकू दिखाकर धमकाया और जबरन उसकी जेब से करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी अतुल यादव ने लूट की वारदात को स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि लूटी गई रकम में से अधिकांश खर्च कर चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से शेष 7,400 रुपये नकद और एक लोहे का स्प्रिंगदार धारदार चाकू बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में लूट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे अपराधियों में सख्त संदेश गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके।
Tags:    

Similar News