महिला के घर घुसकर पडोसी ने आंख में डाला मिर्च पाउडर, चाकू से किया वार
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पड़ोसी पर मिर्च पाउडर फेंककर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता नंदी चौक टिकरापारा इलाके में रहती है और निजी नौकरी करती है। पीड़िता ने बताया कि 11 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान उसके पड़ोस में रहने वाला आदित्य मानिकपुरी उसके घर के अंदर आ गया।
महिला के अनुसार आरोपी ने घर में आने के बाद कहा कि उनके घर की बिल्ली का खाना उसके छत पर रखा हुआ था, जिसे वह लेकर आया है। इस पर महिला ने कहा कि संभवतः उसके भाई ने खाना वहां रखा होगा। बातचीत के दौरान अचानक आरोपी आदित्य मानिकपुरी ने अपनी जेब से मिर्च पाउडर निकालकर महिला के ऊपर फेंक दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आदित्य मानिकपुरी ने उसका गला दबाया और धक्का देकर उसे घर के कमरे के अंदर ले गया। वहां उसे जमीन पर पटककर मारपीट करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला ने बताया कि आरोपी ने अपने पास रखा सब्जी काटने वाला चाकू भी निकाल लिया था। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया और उससे पूछा कि वह ऐसा क्यों कर रहा है।
इस पर आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वह पैसे के लिए हमला कर रहा है। महिला ने मौका देखकर आरोपी को जोर से धक्का दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आरोपी घर से बाहर निकलकर मौके से भाग गया। घटना के बाद महिला घर से बाहर निकली और पड़ोस में रहने वाली पुष्पा लोखंडे और वंदना लोखंडे को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला ने फोन कर अपनी मां मधु यादव को भी घटना के बारे में बताया। मारपीट के दौरान महिला के गर्दन, चेहरे और दाहिने हाथ के पंजे में चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस के पास पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।