रायपुर: यूथ कांग्रेस संगठन चुनाव को लेकर चल रही सियासी गहमागहमी के बीच NSUI में भी बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। संगठन ने कई पदाधिकारियों को उनके पद से हटा दिया है, जबकि कुछ नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी कड़ी में रायपुर शहर जिलाध्यक्ष शांतनु झा को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। आदेश जारी होने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी की बात सामने आई है।

अब तक रायपुर शहर और रायपुर ग्रामीण के लिए अलग-अलग जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाते थे, लेकिन नए आदेश के तहत यह व्यवस्था खत्म कर दी गई है। दोनों क्षेत्रों को एकीकृत करते हुए रायपुर जिले की पूरी जिम्मेदारी अब ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी को सौंपी गई है। शांतनु झा को उनके दायित्व से मुक्त किए जाने के बाद संगठन में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खास बात यह है कि शांतनु झा यूथ कांग्रेस रायपुर जिलाध्यक्ष पद के उम्मीदवार भी हैं। ऐसे में संगठन चुनाव के बीच उनकी जिम्मेदारी बदले जाने को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग चर्चाएं हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह आदेश गुरुवार रात करीब 12 बजे जारी किया गया। देर रात आदेश सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर प्रतिक्रियाएं और चर्चाएं शुरू हो गईं। NSUI में संगठनात्मक फेरबदल के साथ अंदरूनी विवाद की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।
NSUI की ओर से इसके अलावा 9 नए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की अनुशंसा पर प्रदेशाध्यक्ष नीरज पांडेय ने ये नियुक्तियां की हैं। इनमें 4 विधानसभा अध्यक्ष और 5 जिला अध्यक्ष शामिल हैं। विधानसभा स्तर पर डेविड बघेल को पाटन, नंद कुमार नेताम को भानुप्रतापपुर, विक्रम मलिक को अंतागढ़ और नूतन पटेल को कांकेर विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

 

 

Tags: