युवती ने एटीएम के बाहर ब्लेड से खुद पर किए 21 वार, फैली सनसनी

छग

Update: 2025-08-20 13:32 GMT
Korba. कोरबा। शहर के मिशन रोड स्थित श्याम मंदिर के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती ने मोबाइल पर बात करते हुए अचानक ब्लेड से अपने ही हाथ पर लगातार 21 वार कर खुद को घायल कर लिया। गंभीर रूप से घायल युवती मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती रविवार को मिशन रोड स्थित एटीएम के बाहर काफी देर से मोबाइल फोन पर बात करते हुए टहल रही थी। लोगों को लगा कि वह किसी का इंतजार कर रही है, लेकिन अचानक उसने अपनी जेब से ब्लेड निकाला और दाएं हाथ पर कई बार वार करना शुरू कर दिया।

लगातार वार करने से उसके हाथ से खून बहने लगा और कुछ ही देर में वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। घटना देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवती को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार युवती के हाथ पर गहरे जख्म हैं, फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, लेकिन खतरे से बाहर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवती की उम्र लगभग 20 से 21 वर्ष है। होश में आने पर उसने पुलिस को केवल इतना ही बताया कि वह कटघोरा की रहने वाली है। हालांकि, उसने घटना के कारणों के बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान की पुष्टि करने और परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

कारणों की जांच जारी
प्राथमिक तौर पर यह मामला आत्महत्या के प्रयास से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे किसी प्रकार का पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या प्रेम प्रसंग तो कारण नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती के मोबाइल कॉल डिटेल और उसके बातचीत के रिकॉर्ड को खंगाला जाएगा, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके। सरकारी सूत्रों ने बताया कि इस प्रकार की घटनाएं मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव के कारण बढ़ रही हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई परिचित या परिजन मानसिक तनाव में है तो समय रहते उसकी काउंसलिंग कर मदद करें और जरूरत पड़ने पर पुलिस व हेल्पलाइन नंबर से संपर्क करें।
Tags:    

Similar News