ध्यान भटकाकर चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, युवक और नाबालिग गिरफ्तार

छग

Update: 2026-01-05 17:13 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के मस्तुरी क्षेत्र में महिला से ध्यान भटकाकर थैले से एक लाख रुपये से अधिक की चोरी करने वाले एक युवक और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) तथा मस्तुरी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 20 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता प्रेम कुमारी कुर्रे 30 दिसंबर 2025 को अपने घर से अकेले मस्तुरी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से पैसे निकालने आई थी। बैंक से उसने कुल 1 लाख 2 हजार रुपये निकाले और पैदल ही स्टेट बैंक मस्तुरी की ओर जा रही थी।

इसी दौरान मेन रोड स्थित संतोष किराना दुकान के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर महिला के कपड़ों पर कचरा फेंक दिया। कपड़े गंदे होने पर प्रेम कुमारी उन्हें झाड़ने लगी और पास ही एक पेड़ की डाली पर अपना थैला टांग दिया। इसके बाद वह साड़ी साफ करने में व्यस्त हो गई। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने थैले में रखी पूरी रकम चोरी कर ली। साड़ी धोने के बाद जब महिला ने थैला देखा तो उसमें रखे रुपये गायब थे। घटना से घबराई महिला सीधे थाने पहुंची और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने तत्काल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गई रकम बरामद करने के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि चोरी की वारदात सचिन ध्रुव और एक विधि से संघर्षरत किशोर द्वारा अंजाम दी गई थी। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 20,000 रुपये बरामद किए गए। शेष रकम के संबंध में पूछताछ और जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी सचिन ध्रुव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत किशोर के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
एक विधि से संघर्षरत किशोर
सचिन ध्रुव, पिता – राजेश ध्रुव, उम्र – 22 वर्ष, निवासी ग्राम भीमखोज, संतोषीनगर वार्ड क्रमांक 04, थाना खल्लारी, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़)
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर नकदी ले जाते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Tags:    

Similar News