कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान मारपीट, आरोपी हिरासत में

पुलिस ने जारी किया बयान

Update: 2026-05-30 15:31 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर में न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से जुड़े वर्ष 2018 के एक पुराने प्रकरण की सुनवाई के दौरान हुई, जहां पक्षकार न्यायालय में पेशी के लिए पहुंचे थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 के एक मामले में राहुल सोनी, रविन्द्र देवांगन और धृवेश देवांगन की न्यायालय में पेशी निर्धारित थी। पेशी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि धृवेश देवांगन ने अपने मौसेरे भाई राहुल सोनी से गवाही को लेकर बातचीत की और इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया गया है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राहुल सोनी के साथ गाली-गलौच की और थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने के बाद राहुल सोनी दीवार के किनारे से टकरा गए, जिससे उन्हें चोट आई। घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी धृवेश देवांगन को हिरासत में ले लिया। वहीं घायल राहुल सोनी को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ खबरों और दावों का भी खंडन किया है। पुलिस के अनुसार, कुछ माध्यमों में चाकू से हमला किए जाने की सूचना प्रसारित की जा रही है, जो प्रारंभिक जांच में सही नहीं पाई गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में चाकू से हमला होने का कोई तथ्य सामने नहीं आया है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्ष न्यायालय में अपनी-अपनी पेशी के लिए स्वयं पहुंचे थे। उन्हें पुलिस द्वारा न्यायालय नहीं लाया गया था। घटना पूरी तरह से न्यायालय परिसर में हुई आपसी कहासुनी और मारपीट से जुड़ी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News