राजेंद्र नगर में युवकों के बीच मारपीट, पत्थर और डंडे से हमला कर तीन को किया घायल

छग

Update: 2026-03-08 14:32 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर इलाके में युवकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मामूली बात को लेकर शुरू हुए विवाद में कुछ युवकों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे तीन युवक घायल हो गए। घायल युवकों ने अस्पताल में उपचार कराने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक राजेंद्र नगर क्षेत्र का रहने वाला है और कक्षा 12वीं का छात्र है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 मार्च 2026 की दोपहर करीब 1:50 बजे वह अपने दोस्तों मनीष और दिलखुश के साथ मोहल्ले में पैदल घूम रहा था।

पीड़ित के अनुसार जब वे लोग माता रानी दुकान के पास पहुंचे तो उसी दौरान मस्ती में उसके दोस्त मनीष ने उसे हल्का सा धक्का दे दिया। इस बात पर वह मनीष से मजाक में चिल्लाने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद राहुल और उसके कुछ साथी वहां आ गए और उन्होंने बिना कारण के दोनों दोस्तों से सवाल-जवाब शुरू कर दिया। आरोप है कि राहुल और उसके साथियों ने कहा कि “तुम लोग यहां क्यों उपद्रव कर रहे हो और गाली क्यों दे रहे हो।” इसके बाद उन्होंने मां-बहन की अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो राहुल के एक साथी ने पहले हाथ से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने डंडा और वहां पड़े पत्थर उठाकर हमला कर दिया। पीड़ित के सिर और माथे पर पत्थर से वार किया गया। जिससे उसके सिर में दो जगह चोट लगी और दाहिनी आंख के नीचे सूजन आ गई।

मारपीट होते देख पीड़ित के दोस्त मनीष और दिलखुश बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। इस हमले में मनीष और दिलखुश को भी चोटें आई हैं। घटना के दौरान आसपास के कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी और बाद में बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। घटना के बाद घायल युवक ने अपने पिता को इसकी जानकारी दी और इलाज के लिए बीरगांव स्थित एनकेडी अस्पताल में उपचार कराया। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चला गया और बाद में थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था, हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
Tags:    

Similar News