प्यार में बना अपराधी, पुलिस ने किया पूर्व सिपाही को गिरफ्तार

छत्तीसगढ़

Update: 2021-11-15 12:09 GMT

जांजगीर। जांजगीर जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के गांव बनाहिल में एक किराना व्यापारी के घर में लूट के इरादे से घुसने की कोशिश करने के प्रयास में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका दूसरा साथी फरार बताया गया है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि जुए की लत ने उसे लुटेरा बना दिया। यह भी बताया कि वारदात का मास्टर माइंड एक पूर्व सिपाही है। उस सिपाही ने एकतरफा प्यार के चक्कर में अपराध की दुनिया में कदम रखा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। व्यापारी के बेटे की हिम्मत के चलते लुटेरे कामयाब नहीं हो सके थे।

इस लूट के प्रयास का एक आरोपी गोविंदा टंडन गिरफ्तार हो गया है। पूछताछ में गोविंदा ने बताया कि वह जुआ खेलने का शौकीन है। इसके चलते लाखों रुपए हार चुका है। उसके ऊपर कर्ज भी बहुत लोगों का हो गया। इन सब से छुटकारे के चलते वह अपराधी बन गया और चोरी व लूट करने लगा। वह अपने साथी दुर्गेश पाटले के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था। दुर्गेश ही इस बार लूट के प्रयास में हुई वारदात का मास्टर माइंड है। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि दुर्गेश पाटले पहले सकरी बटालियन में पदस्थ था। इस बीच उसे एक लड़की से प्यार हो गया। जब दुर्गेश ने उससे बात की तो लड़की ने इनकार कर दिया। इस पर दुर्गेश इतना भड़क गया कि एक तरफा प्यार के चक्कर में उसने लड़की के घर में आग लगा दी। वह जेल भेज गया और नौकरी से भी सस्पेंड कर दिया गया। जेल से छूटा तो अपराध की दुनिया में आ गया। चोरी और लूटपाट करने लगा।


Tags:    

Similar News