Korba कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक पोल्ट्री फार्म में अचानक नाग घुसने से हड़कंप मच गया। बालको क्षेत्र के लालघाट स्थित पोल्ट्री फार्म में सोमवार को पहुंचे नाग को देखकर संचालक और कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते स्नेक रेस्क्यू टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, लालघाट क्षेत्र के पोल्ट्री फार्म में सैकड़ों मुर्गियां अचानक शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर फार्म संचालक उदय कुमार मौके पर पहुंचे तो उन्होंने अंदर एक नाग को देखा। सांप को देखकर वह घबरा गए, लेकिन उन्होंने समझदारी दिखाते हुए उसे मारने के बजाय रेस्क्यू टीम और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही RCRS टीम के सदस्य मानस कुमार और उमेश यादव मौके पर पहुंचे। टीम ने पूरी सावधानी के साथ पोल्ट्री फार्म के अंदर सांप की तलाश शुरू की। इस दौरान कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। रेस्क्यू टीम के मुताबिक, नाग पोल्ट्री फार्म में मौजूद मुर्गियों का शिकार करने की कोशिश कर रहा था। मुर्गियों के शोर के कारण पूरे फार्म में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। संचालक ने तुरंत कर्मचारियों को वहां से हटाकर सुरक्षा सुनिश्चित की।
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने नाग को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। स्नेक कैचर उमेश यादव और मानस कुमार ने बताया कि नाग किसी भी मुर्गी को नुकसान नहीं पहुंचा पाया था। समय रहते उसका रेस्क्यू कर लिया गया। इसके बाद पकड़े गए नाग को वन विभाग की मौजूदगी में सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इस दौरान टीम ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर, खेत, गोदाम या पोल्ट्री फार्म में सांप मिलने पर तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। बरसात के मौसम में सांप भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में अक्सर मानव बस्तियों की ओर आ जाते हैं। पोल्ट्री फार्म संचालक उदय कुमार ने समय पर पहुंचकर सांप का रेस्क्यू करने वाली टीम और वन विभाग का आभार जताया। इस घटना ने एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया है।
Tags: